रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर बहलाने और भगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता की तहरीर के अनुसार, 23 जुलाई 2025 को सुबह करीब 4 बजे आशीष यादव पुत्र राधेश्याम यादव ने शैलेश यादव पुत्र रामकेर यादव के सहयोग से उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया।

इस मामले में थाना तहबरपुर में  धारा 137(2), 87, 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान धारा 64(1) भा.न्या.सं. व पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। विवेचना उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी द्वारा की जा रही है।

लगातार दबिश के बाद शनिवार को पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे स्थित नैपुरा नहर अंडरपास के पास से समय 11:20 बजे हिरासत में लिया। पकड़े गए अभियुक्तों में आशीष यादव ग्राम भोर्रा मकबुलपुर, थाना कंधरापुर का निवासी है जबकि शैलेश यादव ग्राम मधेशिया, थाना तहबरपुर का निवासी है। दोनों की उम्र क्रमशः 22 और 23 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।