आजमगढ़। जिले में गुरुवार की शाम हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक मासूम बालिका और एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। दोनों घटनाओं से संबंधित थाना क्षेत्रों में हड़कंप मच गया, वहीं मौत की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना तरवां थाना क्षेत्र के भुआलपुर गांव की है। यहां गांव निवासी आठ वर्षीया आराध्या पुत्री अजीत यादव, जो कक्षा तीन की छात्रा थी, गुरुवार की शाम गांव में दूध लेने गई थी। लौटते समय जब वह घर के पास सड़क पार कर रही थी, तभी एक टेंपो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। आराध्या एक भाई और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। मासूम की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।


दूसरी घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही मोड़ के पास हुई। सेतापुर गांव निवासी 52 वर्षीय रामजी गुरुवार को मकर संक्रांति पर्व पर अपनी बेटी के घर पुनर्जी गांव खिचड़ी पहुंचाने गए थे। शाम को साइकिल से घर लौटते समय भुजही मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामजी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर पड़े।


स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें कोल्हूखोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रामजी के निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।