रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के विभिन्न स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में कुल दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायल व्यक्तियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहला हादसा रानी की सराय थाना क्षेत्र में हुआ। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा असुरायन गांव निवासी 20 वर्षीय दीपक बिंद्राबाजार में आईटीआई का छात्र था। मंगलवार की सुबह वह अपनी मां, 50 वर्षीय माधुरी पत्नी रामसूरत के साथ मौसा के घर शाह देवइत जा रहे थे। खालिसपुर बाजार के पास सामने से आ रही बाइक ने दीपक और उनकी मां को टक्कर मार दी। बाइक सवार मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत में दीपक को शहर के निजी अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दीपक दो भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई विदेश में और पिता मुंबई में फिल्म स्टूडियो में काम करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरा हादसा फूलपुर कोतवाली के कनेरी गांव में हुआ। 55 वर्षीय रामधारी यादव सोमवार को दाह संस्कार में दुर्वासा गए थे। वहीं, 30 वर्षीय जयप्रकाश यादव अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। खुरासो बाजार के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और मंडलीय अस्पताल में भर्ती किए गए। रामधारी यादव की मंगलवार दोपहर में मौत हो गई, जबकि जयप्रकाश को शहर के निजी अस्पताल में रेफर किया गया।
