आजमगढ़। जिले के अलग-अलग इलाकों से दो दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं, जहां सड़क हादसों में दो मासूम स्कूली बच्चों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।
पहली घटना आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के तुरकौली गांव की है, जहां सोमवार दोपहर आठ वर्षीय छात्रा आईजा की स्कूल बस से कुचलकर मौत हो गई। बच्ची करमैनी स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा थी। घटना के वक्त स्कूल बस बच्चों को छोड़ने घरों की ओर जा रही थी। जब आईजा अपने घर से करीब 70 मीटर दूर बस से उतरी, उसी दौरान बस बैक करते समय उसकी चपेट में आ गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही रौनापार थानाध्यक्ष मंतोष सिंह मौके पर पहुंचे और बस सहित चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है और अब तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।
दूसरी हृदयविदारक घटना कंधरापुर थाना क्षेत्र की है, जहां सोमवार शाम मंदुरी रोड पर ट्रक और स्कूटी की टक्कर में आठ वर्षीय विवेक की जान चली गई, जबकि उसके पिता बिजेंद्र और मामा पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। विवेक हरैया गांव का रहने वाला था और कक्षा दो का छात्र था। वह अपने पिता और मामा के साथ बेगपुर स्थित मामा के घर से बाजार जा रहा था। रास्ते में मंदुरी पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े। एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिता व मामा का इलाज जारी है।
