रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के थाना कन्धरापुर व स्वाट टीम की संयुक्त पुलिस कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बीती रात सघन चेकिंग के दौरान दो अन्तर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 69.812 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 22 लाख रुपये आँकी गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एक कन्टेनर वाहन भी जब्त किया गया।पुलिस का दावा है कि बरामद गांजे की खेप असम से लाकर यहां सप्लाई की जानी थी।

शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि शुक्रवार देर रात कन्धरापुर थाना क्षेत्र के सेहदा अंडरपास पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध कन्टेनर वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर कोरियर सामान के बीच छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। तलाशी में कंटेनर वाहन से 69.812 किलो गांजा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने चालक व परिचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अरसद अली पुत्र नन्हे अली निवासी ग्राम राइमानगला, थाना मीरगंज, जिला बरेली और सैदुल इस्लाम पुत्र समीर इस्लाम निवासी ग्राम खारपुरीहवी, थाना दलगांव, जिला दरांग, असम के रूप में हुई। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना कन्धरापुर में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे कन्टेनर वाहन चलाते हैं, जो रुद्रपुर, उधमसिंह नगर, उत्तराखण्ड निवासी अखिलेश राघव के नाम से रजिस्टर्ड है। सामान्यतः वाहन में बांस की खेप लेकर जाते हैं, लेकिन मालिक की जानकारी के बिना उसी कन्टेनर के केबिन या बांस के बीच गत्तों में पैक कर गांजा छिपा लेते थे। बाद में इसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि वे लंबे समय तक असम में रह चुके हैं और वहां से विभिन्न माल की डिलेवरी करते थे, जिससे उन्हें स्थानीय गतिविधियों व भौगोलिक स्थिति की पूरी जानकारी है। पुलिस ने दोनों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की छानबीन जारी है।
