रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ। जिले  के जीयनपुर थाना क्षेत्र के हरैया गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुई घातक मारपीट की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़िता माया पत्नी अजय ने बीते  22 जुलाई  को जीयनपुर थाने में तहरीर देते हुए बताया कि 21 जुलाई की शाम करीब 7 बजे गांव के कुछ लोगों ने एक राय होकर उसके देवर संदीप व देवरानी मन्जू को लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। जब शोर सुनकर उसके पति अजय बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचे तो उपरोक्त सभी हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीट दिया। महिला का आरोप है कि घटना स्थल पर जब वह खुद और उसका बेटा समीर पहुंचे तो आरोपी अजय व संदीप को मरा समझकर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल अजय को पीएचसी हरैया ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही अजय की मृत्यु हो गई।

इस घटना के संबंध में जीयनपुर थाने में 11 लोगों के विरुद्ध  धारा 3(5)/115(2)/105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 जुलाई को आरोपी चन्द्रेश, सुरेन्द्र और उसकी पत्नी सुनैना को गिरफ्तार किया गया। 23 जुलाई को आरोपी आशीष कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके बाद 25 जुलाई को उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्या व टीम ने चुनहवा चौराहे से दो और आरोपियों, साधू उर्फ शैलेन्द्र (34 वर्ष) व देवाशीष (24 वर्ष), को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।