रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले  के देवगांव थाना क्षेत्र के बैरिडीह  में 17 जुलाई 2025 को प्रदीप नामक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में  पुलिस ने  कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मोलनापुर ओवरब्रिज हाईवे के नीचे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्ज़े से तमंचा, कारतूस, चाकू व  नकदी बरामद किया है।

बैरिडीह निवासिनी चाँदनी देवी पत्नी प्रदीप ने  थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, उनका पति प्रदीप गांव के सत्यदेव किराना स्टोर से बेटी के लिए बिस्किट-नमकीन लेने गया था। वहां कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने प्रदीप को दुकान से खींचकर पास में ले जाकर जान से मारने की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पेट में गहरी चोटें आईं।

इस घटना के बाद थाना देवगांव में  धारा 109/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान आजम उर्फ शनि पुत्र मुन्ना उर्फ रुस्तम निवासी बलुआघाट, थाना कोतवाली, जनपद जौनपुर तथा इमलाक पुत्र इरशाद निवासी बैरीडीह, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई।
शनिवार  को सुबह 5 बजे उ0नि0 सुभाष तिवारी व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोलनापुर ओवरब्रिज हाईवे के नीचे से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में आजम उर्फ शनि के पास से एक तमंचा), एक जिंदा कारतूस, 4500 रुपए नगद व घटना में प्रयुक्त दो अदद चाकू बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि 21 जून 2025 को दोनों ने मिलकर नंदापुर, देवगांव से एक  बाइक चोरी की थी, जिसे कुछ दिन बाद एक अंजान कबाड़ी को 20,000 रुपये में बेच दिया। इसी तरह 23 फरवरी 2025 को मिर्जाआदमपुर गांव से एक भैंस चोरी कर 20,000 रुपये में बेच दी और 27 फरवरी 2025 को जगदीशपुर बुजुर्ग में निर्माणाधीन मकान के सामने से हैंडपंप चोरी कर उसे 2,000 रुपये में कबाड़ी को बेचा।