आजमगढ़। पंचायतीराज मंत्रालय की ओर से बुधवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में महिला पंचायत प्रतिनिधियों का एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें आजमगढ़ जनपद की दो महिला ग्राम प्रधान भाग लेंगी।

मिली जानकारी के अनुसार पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से महिला पंचायत प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार हरैया विकास खंड की ग्राम पंचायत हरैया की प्रधान अंकिता राय तथा अतरौलिया विकास खंड की महादेवपुर ग्राम पंचायत की प्रधान ममता यादव सम्मेलन में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।


जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार ने दोनों महिला प्रधानों को 11 मार्च को नई दिल्ली पहुंचकर सम्मेलन में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। सम्मेलन के दौरान देशभर से आई महिला पंचायत प्रतिनिधियों के साथ पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाने, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नेतृत्व क्षमता के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।