आजमगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार को दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया कुँवर नदी पुल के पास शाहगंज की ओर जा रही बाइक पर सामने से आ रही एक डीसीएम ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वीरेंद्र (25 वर्ष), पुत्र राजमनि, निवासी बैरमपुर, थाना तहबरपुर की मौत हो गई। जबकि शनि पुत्र रमेश, निवासी बैरमपुर, और कौशल राजभर पुत्र बनवारी, निवासी माहुल, थाना अहरौला घायल हो गए हैं। घायलों को फूलपुर सीएचसी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, बिलरियागंज थाना क्षेत्र के अकबरपुर के पास बिलरियागंज की ओर जा रही बाइक को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में गुलशन कुमार (24 वर्ष), पुत्र बीपत, निवासी चंदापार, थाना रौनापार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
