आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना  के शाहपुर मोड़ पर घूम रहा शातिर ठग अवधेश यादव, जो खुद को पुलिस बताकर लोगों के पर्स उड़ा रहा था, सरायमीर पुलिस की कार्रवाई में फँस गया। उसके कब्ज़े से  ₹12,900 नकद और उसकी सारी ठगी की पोल खुल गई।  लोगों को डराने वाला यह शातिर अब कानून के जाल में है। पुलिस ने उसकी करतूतों का पूरा ब्यौरा जुटाया और अपराधी इतिहास की कड़ी को भी उजागर किया।

इसी वर्ष 12 जनवरी  को पीड़ित अपने घर लौट रहा था। तभी शाहपुर मोड़ पर एक व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर हेलमेट चेकिंग का बहाना बनाया और वादी के पर्स से ₹3,000 निकाल लिए।  पीड़ित ने थाना सरायमीर पर मामला दर्ज कराया गया।
मंगलवार को क्षेत्रीय निरीक्षक अभिषेक सिंह और उनकी टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग के दौरान शाहपुर रोड, खरेवां मोड़ पर अभियुक्त को घेराबंदी कर पकड़ा। उसने खुद को अवधेश यादव, पुत्र मुखराम यादव, निवासी मोजरापुर, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ बताया।
तलाशी में उसके पास से ₹12,900 नकद बरामद हुए। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पुलिस बनाकर वाहन चेकिंग के बहाने लोगों से ठगी और चोरी करता रहा है।
अवधेश यादव पर आजमगढ़ और मऊ में लूट, चोरी, शस्त्र अधिनियम और अन्य गंभीर मामलों में दर्जनों केस हैं।