आजमगढ़। जिले के थाना कप्तानगंज पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर अपराधी को अवैध तमंचा, चोरी की मोटरसाइकिल और चोरी के अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त विकास निषाद उर्फ विक्की पुत्र रूदल निषाद, निवासी अलौवा थाना कप्तानगंज  है।

22 जुलाई की रात करीब 1बजे पुलिस टीम – उपनिरीक्षक ओमप्रकाश दुबे, विवेक कुमार व अन्य हमराही अमिलाई पुलिया कोईनहा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक से कप्तानगंज की ओर आ रहा है, जो कई स्कूलों व अन्य स्थानों पर चोरी कर चुका है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विकास निषाद को सुपर स्प्लेंडर बाइक, एक तमंचा .315 बोर व एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह और उसका साथी रवि निषाद (निवासी विक्रमडीह, अलौवा) मिलकर चोरी की बाइक की नंबर प्लेट बदल देते थे। उन्होंने मई माह में बेलसिया, फुलपुर के एक शादी समारोह से बाइक चोरी की थी। इसके अलावा फत्तनपुर, निजामाबाद से डीजे एम्पलीफायर व अन्य सामान और अतरौलिया के एक प्राइमरी स्कूल से खाने-पीने के बर्तन चोरी किए थे।

अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी का माल – दो डीजे एम्पलीफायर, एक एल्युमिनियम भगौना, चार स्टील की थालियां व दो गिलास बरामद किए गए। थाना कप्तानगंज पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में  मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।