आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक पर बीती रात एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही गाड़ियों और स्थानीय लोगों के बीच अचानक विवाद भड़क गया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि गाड़ी वालों और एक स्थानीय दुकानदार के बीच कहासुनी हाथापाई में बदल गई। देखते ही देखते लाठी–डंडे और ईट-पत्थर  चलने लगे और पूरा इलाका रणभूमि जैसा दिखने लगा। मारपीट के दौरान सड़क पर अफरा–तफरी मच गई, कई लोग इधर–उधर भागने लगे, जबकि कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश करते नजर आए।

घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मारपीट और अफरातफरी की पूरी स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि विवाद किस कारण शुरू हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि, शराबियों और बरातियों में  देर रात हुए इस बवाल से इलाके में दहशत फैल गई थी। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति सामान्य हो गई। 

चौकी प्रभारी फरिहा, अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति को पकड़ा गया है और मामले की छानबीन जारी है। दोषियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाएगी।