आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी बस्ती में कब्रिस्तान की जमीन पर निर्माण को लेकर दो पूर्व प्रधानों के बीच विवाद हिंसक हो गया। मारपीट में पूर्व प्रधान सफदर घायल हो गए, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी बस्ती में पूर्व प्रधान सिधारी द्वारा अनुसूचित कब्रिस्तान की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान का निर्माण कराया जा रहा था। इसे लेकर बस्ती के ही शंकर और सेठ ने गांव के पूर्व प्रधान सफदर को मौके पर बुलाया और पंचायत के माध्यम से कब्रिस्तान की जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवाने का अनुरोध किया।
बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचे सफदर ने निर्माण कार्य रुकवाने की बात कही, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सिधारी और उनके परिजनों ने मिलकर पूर्व प्रधान सफदर पर हमला कर दिया।
वायरल हो रहे वीडियो में मारपीट के दौरान महिलाओं ने भी सफदर पर हमला किया। इस घटना में सफदर घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि घायल सफदर गंभीरपुर थाना का गैंगस्टर भी बताए जाते हैं। वहीं गांव के ही पूर्व प्रधान सिधारी और उनके परिजनों द्वारा उन पर किए गए हमले की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
