आजमगढ़। जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। वीडियो को मार्टीनगंज स्थित एसडीएम के चेंबर का बताया जा रहा है, जिसमें कथित तौर पर शराब और अन्य आपत्तिजनक सामान दिखाई दे रहा है। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे मार्टीनगंज तहसील में स्थित एसडीएम के चेंबर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर जाम छलकते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि न्यूज एट पीएम नहीं करता।
वीडियो में एक शराब की बोतल, तीन पानी की बोतलें, एक नमकीन का पैकेट और तीन ग्लास रखे दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही वीडियो में एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति से सिगरेट लेते हुए भी नजर आ रहा है। वीडियो के सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले को लेकर एसडीएम दिव्या सिकरवार ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि लाइट जाने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके चेंबर में शराब की बोतल, पानी की बोतलें और ग्लास रख दिए थे। जैसे ही लाइट आई, उसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसडीएम का कहना है कि यह पूरी घटना साजिश के तहत की गई प्रतीत होती है।
एसडीएम दिव्या सिकरवार ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
