आजमगढ़। ग्लैमर की चमक-दमक और रीलबाजी का खुमार छात्रों पर इस कदर हावी दिखा कि जनपद के प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्रों ने फेयरवेल पार्टी के बाद सड़कों को ही स्टंट का मंच बना दिया। स्कूल कैंपस से हाइवे तक लग्जरी वाहनों का काफिला दौड़ा, जहां तेज रफ्तार, खतरनाक ओवरटेकिंग और लग्जरी वाहनों से स्टंट करते हुए यातायात नियमों की खुलकर धज्जियां उड़ाई गईं। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना को ड्रोन कैमरे से फिल्माया गया और बाद में इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वायरल वीडियो में छात्रों का स्कूल से धूल उड़ाता हुआ काफिला कई किलोमीटर तक हाइवे पर शोर-शराबे और हूटर बजाते हुए चल रहा है। कुछ वीडियो में कई छात्र कार के गेट को खोलकर लटके हुए और स्टंटबाजी कर रहे हैं।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छात्रों के स्टंटबाजी करते हुए कुछ वीडियो सामने आए हैं। इसके लिए समस्त सीओ और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि नियम तोड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधकों को भी बताया जाएगा कि वे छात्रों को निर्देशित करें कि इस तरह की गैरकानूनी हरकत न करें।
