आज़मगढ़। जिले के जहानागंज पुलिस ने दहेज हत्या मामले में वांछित अभियुक्ता को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। अभियुक्ता पर मृतक प्रीति के साथ प्रताड़ना और हत्या की धमकी देने का आरोप है।
बीते 14 अगस्त को वादी शसुखदेव राम, निवासी ग्राम पकड़ी कला, तहसील मेहनगर ने प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी पोती प्रीति पुत्री गंगा प्रसाद को आरोपीगण द्वारा दहेज की प्रताड़ना दी जाती थी और पाँच लाख रुपये व मोटर साइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर आरोपीगण प्रीति के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे मगही नदी में धकेल दिया, जिससे उसका शव बरामद नहीं हो सका।
इस मामले में थाना जहानागंज पर आरोपीगण श्याम दुलारी, खदेरू राम, पंकज कुमार, सुनीता, सूरज कुमार और प्रमोद यादव के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
शनिवार को उ0नि0 अजय निषाद, हमराही आरक्षी सुरेन्द्र कुमार और म0आ0 शिखा सिंह द्वारा चलाए गए विशेष गिरफ्तारी अभियान में वांछित अभियुक्ता श्याम दुलारी, पत्नी खदेरू राम, उम्र लगभग 55 वर्ष, निवासी ग्राम नेतपुर को उनके घर से विधिसंगत तरीके से 11:30 बजे हिरासत में लिया गया। पुलिस कार्यवाही पूरी कर अभियुक्ता को न्यायालय भेज दिया गया, जिससे दहेज हत्या के इस मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ी।
