आज़मगढ़। जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में शुक्रवार सुबह ऐसा मंजर देखा गया, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। 30 वर्षीय दीनदयाल यादव, जो कभी मोहब्बत के ख्वाब देखता था, अब सिर्फ यादों में रह गया है। उसकी संदिग्ध मौत ने सिर्फ एक परिवार नहीं, पूरे गांव को झकझोर दिया

बताया जा रहा है कि  बिलरियागंज कस्बे का निवासी दीनदयाल, अक्सर सैदपुर गांव में आता था, बताते है कि वह  एक युवती से मिलने आता था। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की चर्चा गांव-गली में आम थी। मगर शायद ये प्यार किसी को रास नहीं आया। गुरुवार शाम दीनदयाल अचानक घर से निकला। परिवार वालों का कहना है कि कुछ लोग उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे।

रातभर तलाश होती रही, लेकिन शुक्रवार की सुबह एक फ़ोन कॉल ने सब कुछ बदल दिया। राजमती देवी के घर से खबर आई कि,  दीनदयाल की तबीयत बहुत बिगड़ गई है। परिजन दौड़े-दौड़े पहुंचे, लेकिन वहां का नज़ारा देख उनके होश उड़ गए। दीनदयाल बेहोश था, शरीर पर चोटों के निशान थे। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी धड़कनें थम गईं। परिवार रो-रोकर कह रहा है  कि ये हादसा नहीं, कत्ल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और राजमती देवी समेत कई लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम से मौत का सच सामने आएगा।