आजमगढ़। ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के छठवें दिन खेले गए मुकाबलों में मेजबान आजमगढ़ और वाराणसी ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 18 मार्च को खेला जाएगा।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय आजमगढ़ द्वारा 12 से 18 मार्च तक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश की 10 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में आजमगढ़ और प्रतापगढ़ की टीम आमने-सामने रही। टॉस जीतकर प्रतापगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 171 रन बनाए। टीम की ओर से सक्षम ने 79 और उत्कर्ष पाल ने 48 रनों की अहम पारी खेली। जवाब में उतरी आजमगढ़ की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 15 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आजमगढ़ की ओर से सुनील कुमार ने 58 रन, सौरभ ने नाबाद 54 रन और अमित भगत ने 25 रन बनाए। गेंदबाजी में अखण्ड प्रताप सिंह ने 2 विकेट लिए। इस मैच में सुनील कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी और देवरिया के बीच मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर वाराणसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 176 रन बनाए। शिवम पटेल ने 55, शिवम ने 53 और विकास यादव ने 27 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवरिया की टीम 17.5 ओवर में 124 रन पर सिमट गई। देवरिया की ओर से शिवा प्रकाश ने 24 और अनुप ने 20 रन बनाए। वाराणसी की ओर से स्वान सिंह, अर्पित सिंह और बृजेश सोनकर ने 3-3 विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की। शिवम पटेल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
अब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 18 मार्च को सुबह 8 बजे आजमगढ़ और वाराणसी के बीच खेला जाएगा। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जयनाथ सिंह, सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी उत्तर प्रदेश, विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे। इस दौरान केएम श्रीवास्तव, भूपेन्द्र वीर सिंह, मो. इरफान, अरविन्द कन्नौजिया, गोविन्द यादव, आदर्श यादव, करन श्रीवास्तव और कु. गुडिया समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
