आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ में महिला कल्याण और पोषण के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य, कानूनी अधिकार और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। आयोजन में वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।
मिली जानकारी के अनुसार, ब्लॉक रानी की सराय में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंयका मौर्या, माननीय सदस्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने की। उन्होंने आई.सी.डी.एस. विभाग द्वारा पोषण पंचायत, अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इसके अलावा बचपन डे केयर और जिला महिला अस्पताल का दौरा कर वहां की सामान्य स्थिति का जायजा लिया। जिला कारागार का निरीक्षण करते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक को कैदियों के स्वास्थ्य और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बाल सेवा योजना और महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, उप जिलाधिकारी, महिला थाना अध्यक्ष सहित महिला कल्याण विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
