आज़मगढ़। शहर के अग्रसेन चौक पर मंगलवार को राहगीरों ने एक अनोखा नज़ारा देखा, बीच सड़क पर ‘यमराज’ खड़े थे, मगर सज़ा देने नहीं, बल्कि ज़िंदगी बचाने आए थे। हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों की अहमियत बताने का यह अनोखा तरीका आजमगढ़ पुलिस के “यातायात माह–2025” अभियान का हिस्सा था, जिसने लोगों के दिलों को छू लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत नाटक मंडली के कलाकार ने यमराज का रूप धारण कर राहगीरों से संवाद किया। उन्होंने मज़ाकिया लेकिन मार्मिक अंदाज़ में लोगों को समझाया कि सड़क पर लापरवाही मौत को न्योता देने जैसा है। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने न केवल यातायात नियमों की जानकारी ली, बल्कि यह भी संकल्प लिया कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन अवश्य करेंगे। लोगों से संदेश यही दिया गया कि
सड़क पर नियमों की अनदेखी, यमराज से भेंट की तैयारी!
