आजमगढ़। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में पूर्व विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गांव के बाहर पम्पिंग सेट के पास से पकड़कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना फूलपुर क्षेत्र के कजराकोल गांव में बीते 23 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब आठ बजे खेत में गोबर फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद दोबारा भड़क गया। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोग लाठी, डंडा, लोहे की रॉड और फावड़ा लेकर आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस मारपीट में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी बड़ी घटना को टाल दिया।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मामले में आरोपी शिवकुमार यादव पुत्र स्व. सुरेश यादव निवासी कजराकोल फरार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार रविवार को उपनिरीक्षक वासुदेव मिश्रा टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर आरोपी शिवकुमार यादव को गांव कजराकोल के बाहर रामनयन यादव के पम्पिंग सेट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
