आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बरदह गांव में गणेश पूजा के दौरान करंट लगने से युवक की मौत हो गई। परिजन गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए जौनपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बरदह गांव निवासी आशीष विश्वकर्मा के घर गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के महेंद्र यादव (25) साउंड सिस्टम में तार जोड़ रहे थे, तभी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जौनपुर रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने महेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
महेंद्र यादव दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर पर थे। वह मुंबई में रहकर एक आइसक्रीम कंपनी में ऑपरेटर का काम करते थे। करीब दो माह पहले ही घर लौटे थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया।
बरदह थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी है। शव का पोस्टमार्टम जौनपुर में कराया जा रहा है। अब तक थाने में किसी ने तहरीर नहीं दी है।
