रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के ग्रामसभा भैंसकुर निवासी एक व्यक्ति को पंजाब स्थित भारत–पाकिस्तान सीमा के निकट बीएसएफ ने संदिग्ध हालात में हिरासत में लिया है। व्यक्ति की पहचान कबिलास पुत्र पंचमराम के रूप में हुई है, जो दो वर्ष पूर्व घर से लापता हो गए थे।
जानकारी के अनुसार बरदह थाना क्षेत्र के ग्रामसभा भैंसकुर निवासी कबिलास पुत्र पंचमराम 40 वर्ष को पंजाब में पाकिस्तान बॉर्डर के पास बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) ने संदिग्ध स्थिति में हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि कबिलास दो वर्ष पूर्व अपने घर से अचानक लापता हो गए थे। सूचना मिलते ही बरदह थाने की पुलिस ने उनके गांव पहुंचकर जांच की। पुलिस रिकॉर्ड और परिजनों से पूछताछ में यह सामने आया कि कबिलास पिछले दो वर्षों से गायब हैं और वे पिछले 12 वर्षों से मानसिक बीमारी से ग्रसित थे, जिनका इलाज लगातार चल रहा था। कबिलास की पत्नी अनीता देवी ने बताया कि उनके पति लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। दो साल पहले वे बिना किसी सूचना के घर से चले गए थे, जिसके बाद परिवार ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उनकी खोजबीन में जुटी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।अब बीएसएफ द्वारा कबिलास को हिरासत में लिए जाने के बाद मामला एक नया मोड़ ले चुका है। बीएसएफ ने स्थानीय पुलिस को सूचित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, परिवार में इस खबर के बाद राहत के साथ चिंता का माहौल है। पत्नी अनीता देवी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनके पति जल्द ही सकुशल घर लौट आएंगे। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं इस मामले में बरदह थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पंजाब बॉर्डर पर बीएसएफ द्वारा बख्तियारपुर शहर में एक युवक को पकड़ा गया है। सूचना मिलने पर जांच की गई तो पता चला कि युवक आजमगढ़ के भैंसकुर गांव का निवासी है। परिजनों को बुलाकर पूछताछ की गई, जिसमें यह सामने आया कि वह युवक करीब ढाई साल से घर से लापता था। परिजन उसे मंदबुद्धि बता रहे हैं।
