आजमगढ़। जिले में युवा कल्याण विभाग और प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय विधायक स्पर्धा उस वक्त चर्चा में आ गई, जब जेल में बंद सपा विधायक को प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि दर्शाते हुए कार्ड छपवा दिए गए। मामला सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों के बयान भी सामने आए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देश पर ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं के तहत फूलपुर–पवई विधानसभा क्षेत्र की विधायक स्पर्धा का आयोजन सोमवार से कृषक इंटर कॉलेज, बाग बहार पवई में किया गया था, जो मंगलवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता के लिए विभाग की ओर से जो आमंत्रण कार्ड छपवाए गए, उनमें जेल में बंद सपा विधायक रमाकांत यादव को मुख्य अतिथि दर्शाया गया। कार्ड सामने आने के बाद लोगों में चर्चा शुरू हो गई कि क्या विधायक जेल से आकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।


मामले पर जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह ने कहा कि यह कार्ड क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी द्वारा बनवाया गया है, उन्हें यह कार्ड दिखाया नहीं गया, इसी कारण यह गलती हुई है, इसलिए इस संबंध में उनसे ही पूछा जाना चाहिए

वहीं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विवेक रंजन यादव ने कहा कि वह विधायक हैं, इसलिए उनका नाम छापा गया। उनके प्रतिनिधि कार्यक्रम में आए थे, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।