आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव में शुक्रवार की देर शाम एक युवक के कुएं में गिरने से हड़कंप मच गया। रातभर तलाश के बाद शनिवार की देर शाम युवक का शव कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात करीब साढ़े सात बजे एक अज्ञात युवक भागते हुए बिजरवा गांव में पहुंचा। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे थे और वह बचाव के लिए गुहार लगा रहा था। इसी दौरान वह कुएं के पास पहुंचा, जहां अचानक कुएं में कुछ गिरने की आवाज आई और युवक लापता हो गया। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मुबारकपुर और नगर कोतवाली पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और रात करीब 12 बजे तक कुएं में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने कुएं के पास उगी झाड़ियों को भी साफ कराया। शनिवार की सुबह से मुबारकपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने दोबारा तलाश शुरू की। कुआं काफी गहरा और पानी से भरा होने के कारण रेस्क्यू में समय लगा।
शनिवार की देर शाम कुएं से युवक का शव बरामद किया गया। मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशिमौली पांडेय ने बताया कि मृतक की पहचान उसके पास से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर रोहित शर्मा, निवासी उज्जैन (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
