
रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। शासन के आदेश पर जिला पंचायत राज अधिकारी अधिकारी द्वारा गांवों का प्रस्तावित परिसीमन शासन को भेज दिया गया है। शासन के निर्देश पर विकास खंड महाराजगंज के राजस्व ग्राम प्रतापपुर की आबादी एक हजार से कम होने के कारण इसे चांदपुर में विलय कर दिया गया। विभाग ने यह कार्रवाई मई में शासन की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार की गई है।
जिले में आठ तहसील, 22 ब्लाक, तीन नगर पालिका और 13 नगर पंचायत शामिल हैं। उक्त ब्लॉकों में 1811 ग्राम पंचायतें हैं। 2022 में शासन स्तर से जहानागंज और बूढ़नपुर को नई नगर पंचायत बनाया गया था। मुबारकपुर नगरपालिका और अजमतगढ़ नगर पंचायत का विस्तार किया गया है। इन नगर पंचायतों और नगरपालिका में कुछ ग्राम पंचायतों पूर्ण रूप से शामिल हुई तो कुछ ग्राम पंचायतें आंशिक रूप से शामिल की गई। सरकार की ओर से जब पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू की गई तो जनपद में ग्राम पंचायतों के परिसीमन का कार्य आयोग के निर्देश पर शुरू हुआ।
हालांकि 2022 में ही राजस्व ग्राम प्रतापपुर का चयन किया गया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर शासन ने गत पंचायत चुनाव के बाद अब तक ग्राम पंचायतों एवं राजस्व गांवों के नगर निकायों में सीमा विस्तार में शामिल होने के बाद प्रस्तावित नया परिसीमन मांगा था। जिला पंचायती राज अधिकारी ने परिसीमन रिपोर्ट शासन को भेज दिया है।