
राजीव चौहान
0000 गुरुवार को नवनिर्मित कार्यालय और आवास का करेंगे उद्घाटन व गृह प्रवेश
आज़मगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तीन जुलाई को आज़मगढ़ जिले में बने अपने नवनिर्मित पार्टी कार्यालय और आवास का उद्धघाटन व गृह प्रवेश करने के साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। करीब एक सप्ताह से सांसद धर्मेन्द्र यादव तैयारियां को परखने के साथ ही विधानसभावार कार्यकर्ताओं की बैठक भी ले चुके है। वही माना जा रहा है कि आज़मगढ़ में अपने आशियाने से ही सपा मुखिया अखिलेश यादव अब पूर्वांचल को साधेंगे।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जनवरी 2021 में आज़मगढ़ जिले के आजमगढ़-लखनऊ मुख्य मार्ग (NH 233) पर शहर से सटे अनवरगंज में 38 बिस्वा 16 कड़ी भूमि की रजिस्ट्री पार्टी के नाम से कराई थी। इसके बाद कुछ और भूमि की खरीद की गई। अब कुल करीब 68 बिस्वा भूमि पर मकान व पार्टी कार्यालय का निर्माण सांसद धर्मेन्द्र यादव व पार्टी के पदाधिकारियों की देखरेख में चल रहा था। मकान व कार्यालय के बन जाने के बाद अब उद्घाटन व गृहप्रवेश करने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तीन जुलाई को आ रहें है। अब यहीं से पूरे पूर्वांचल को सपा मुखिया अखिलेश यादव साधेगें।
दरअसल, आज़मगढ़ जिले को समाजवाद का गढ़ कहा जाता है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सपा ने आज़मगढ़ में वर्ष 2012 के चुनाव में क्लिन स्वीप करते हुए 10 की 10 सीटों पर जीत हासिल की थी। वर्ष 2017 में 10 में 9 औऱ वर्ष 2022 में पुनः 10 में 10 सीटों पर जीत हासिल की थी। वही आज़मगढ़ जिले में दो लोकसभा सीटें है। इसमें आज़मगढ़ सीट सपा की परंपरागत सीट मानी जाती है। वर्ष 2014 में मुलायम सिंह यादव, वर्ष 2019 में अखिलेश यादव व 2024 में धर्मेन्द्र यादव सांसद चुने गए है। जबकि वर्ष 2022 में हुए लोकसभा उपचुनाव में सपा के धर्मेन्द्र यादव चुनाव हार गए थे और भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जीत हासिल की थी। वही आज़मगढ़ जिले के सुरक्षित लालगंज सीट पर वर्ष 2014 में भाजपा, 2019 में सपा-बसपा गठबंधन में बसपा और वर्ष 2024 में सपा ने जीत दर्ज की है।
पूर्वांचल में आने वाले 28 जिलों में विधानसभा की करीब 164 सीटें आती है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में मोदी लहर में सपा को मात्र 14 सीटे मिली जबकि वर्ष 2022 में सपा ने करीब 53 सीटों पर जीत हासिल की थी, और दोंनो बार सपा को सत्ता से बाहर होना पड़ा। यहीं कारण है कि सपा अपने गढ़ आज़मगढ़ सहित पूर्वांचल पर मजबूत पकड़ बनाने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब अपने आज़मगढ़ के नये आशियाने से पूर्वांचल को साधेंगे।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अशोक यादव का कहना है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जब मोदी सरकार के अश्वमेध का घोड़ा निर्बाध गति से दौड़ रहा था, तब उत्तर प्रदेश की सरजमी ने उनके घोड़े को बांधने का काम किया था, और पूर्वांचल की जनता ने और मजबूती से बांधने का काम किया था। पूर्वांचल ही नहीं बल्कि पूरा उत्तर प्रदेश समाजवादियों की जमीन रही है, लेकिन पूर्वांचल से कुछ खास ही जनता का लगाव हमें मिला है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आजमगढ़ में आवास और कार्यालय बन गया है । कल इसका उद्घाटन और गृह प्रवेश है। अब यही से जो भी राजनीतिक समीकरण होंगे, उनका जो राजनीतिक कार्यक्रम होगा, पूर्वांचल का पूरा राजनीतिक समीकरण यहीं से राष्ट्रीय अध्यक्ष जी साधेंगे। बीच-बीच मे अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जी अक्सर पूर्वांचल की धरती को साधने के लिए आजमगढ़ आते रहेंगें।

समाजवादी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी कल विधिवत पूजा अर्चना के बाद गृह प्रवेश करेंगे और 2000 कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए आडिटोरियम का शिलान्यास भी करेंगे। उन्होंने बताया कि यह पूरा एरिया 68 विस्वा का है। जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आवास व कार्यालय बन रहा हैं। अभी जो बना है। उसमें मकान के ग्राउंड फ्लोर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने आने वाले लोगों के लिए आगंतुक कक्ष, उनके निजी सचिव का कक्ष, आने वाले लोगो से मिलने के लिए आफिस, उनके सुरक्षाकर्मियों व साथ के लोगों के लिए कक्ष बना है। इसके ऊपर यानी पहले तले पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के रहने व सोने के लिए सुसज्जित कक्ष बना है। इसके ऊपर यानी पहले तले पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के रहने व सोने के लिए सुसज्जित कक्ष बना है। उन्होंने कहा कि हमारे श्रधेय नेताजी मुलायम सिंह यादव कहते थे कि इटावा हमारा दिल तो आज़मगढ़ धड़कन है। ठीक उसी प्रकार अखिलेश यादव जी अपना एक घर इटावा तो दूसरा घर आज़मगढ़ को मानते है। यहां उनका आवास व कार्यालय बना है। आने वाले समय मे यहाँ से पूर्वांचल की दिशा व दशा तय होगी।