
रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अलग-अलग स्थानों पर दो विवाहिताओं का गुरुवार को फंदे से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। सरायमीर और अतरौलिया थाना क्षेत्र में घटनाएं हुई। दोनों घटनाओं में मायका पक्ष ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक घटना में पति और देवर को गिरफ्तार किया है। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के उमरी शेखपुर गांव निवासी हृदय चौहान की 30 वर्षीया बेटी पुष्पा की शादी वर्ष 2014 में सरायमीर थाना क्षेत्र के सड़वाहा गांव निवासी पृथ्वी राज चौहान के साथ हुई थी। पुष्पा के चाचा राजीव चौहान ने आरोप लगया कि दहेज के लिए ससुराल पक्ष के लोग पुष्पा को बार-बार प्रताड़ित करते थे।
आए दिन उसके साथ मारपीट भी करते थे। गुरुवार की शाम को प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों ने विवाहिता के मायके घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग सड़वाहा गांव पहुंचे, शव बाहर पड़ा हुआ था। चाचा राजीव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति, सास, ससुर और देवर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष यादवेंद्र पांडेये ने बताया कि आरोपी पति पृथ्वी राज चौहान और देवर इंदल चौहान को कमालपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में अहरौला थाना क्षेत्र के बेंदुई गांव निवासी पंधारी प्रजापति की बेटी 26 वर्षीया सुप्रिया प्रजापति की शादी वर्ष 2019 में अतरौलिया थाना क्षेत्र के भैरोपुर दरगाह निवासी श्याम प्रजापति के साथ हुई थी। श्याम प्रजापति मुंबई में आटो चलाते हैं, वे कुछ महीने पूर्व घर आए हुए थे। पंधारी प्रजापति ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर सुप्रिया को उसके ससुराल के लोग प्रताड़ित करते थे। कई बार तो उसे मारपीट कर घायल भी कर दिए थे। जिसको लेकर गांव में कुछ लोगों के मध्यस्था में पंचायत थी हुई थी। शुक्रवार की सुबह में भी परिवार के लोगों ने मारा-पीटा। जानकारी होने पर मायके लोग पहुंचे तो घर पर शव पड़ा था। ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि सुप्रिया ने फांसी लगा ली है। मायके पक्ष के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। अतरौलिया थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई विजय के तहरीर पर आरोपी पति और सास-ससुर समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।