
मेरठ। दिल्ली रोड स्थित प्रेम ग्रीन मंडप में शादी समारोह के दौरान तंदूर पर रोटी बना रहे युवक का रोटी पर थूकते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। शादी हिंदू युवती की थी। रोटी बनाते समय उस पर थूकने वाला युवक दूसरे समुदाय से था। हालांकि, हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते है।
वीडियो वायरल होते ही हिंदूवादी संगठनों ने इस पर नाराजगी जताई। मंडप पहुंचकर उन्होंने जोरदार हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
मौके पर पहुंची ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने हिंदूवादी संगठनों का समझाकर शांत किया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई लेकिन वह हाथ नहीं आया है।
यह है पूरा मामला
ब्रह्मपुरी निवासी एक हिंदू युवती की 21 फरवरी को प्रेम ग्रीन मंडप में शादी थी। इसमें ब्रह्मपुरी के ही हलवाई अरूण कुमार को खाना बनाने की जिम्मेदारी दी थी। उसने तंदूर पर रोटी बनाने को कारीगर इरशाद निवासी मऊखास को ठेका दिया था। शादी समारोह शांति से निपट गया।सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई। इसके साथ मैसेज पोस्ट किया गया। कहा गया कि 21 फरवरी को ब्रह्मपुरी की हिंदू युवती की शादी थी। यहां तंदूर कारीगर ने रोटी पर थूका और उसे लोगों को खिलाकर धर्म भ्रष्ट कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ब्रह्मपुरी निवासी युवती के स्वजन ने हलवाई अरूण से नाराजगी जतायी। इसी बीच हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही प्रेम ग्रीन मंडप पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपी तंदूर कारीगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
लड़की पक्ष ने की थी हलवाई की व्यवस्था
इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी रमाकांश पचौरी ने उन्हें समझाकर शांत किया। पुलिस ने मंडप मालिक दिनेश सैनी व हलवाई अरूण कुमार को थाने बुलाकर पूछताछ की। दिनेश सैनी ने बताया कि हलवाई की व्यवस्था लड़की पक्ष ने की थी। उन्होंने केवल मंडप प्रयोग करने को दिया था। तंदूर कारीगर से उनका कोई संंबंध व जानकारी नहीं है।
हलवाई अरूण कुमार ने बताया कि उसने रोटी बनाने का ठेका तंदूर कारीगर इरशाद निवासी मऊखास को दिया था। वह ही वीडियो में नजर आ रहे तंदूर कारीगर को लेकर आया था। देर शाम तक पुलिस मामले की जांच कर इरशाद व वीडियो में नजर आ रहे कारीगर की तलाश कर रही है। कई स्थान पर दबिश के बाद भी वह हाथ नहीं आए है। इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।