रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान का प्रभारी बनाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष और आजमगढ़ मंडल के पूर्व प्रभारी विश्व विजय सिंह के प्रथम बार आजमगढ़ आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष द्विवेदी के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। वहीं इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में विश्व विजय सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार गरीबों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा करने सहित हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की सरकार बनाने का काम करेगी।

इंडिया गठबंधन को लेकर दिया बड़ा बयान

समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व जल्द ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर देगा। कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इंडिया गठबंधन था, है और आगे भी रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा।

आजमगढ़ को बताया राजनीतिक जीवन की कर्मभूमि

अपने स्वागत से अभिभूत विश्व विजय सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन के निर्माण में आजमगढ़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यहां के प्रत्येक देवतुल्य कार्यकर्ता के प्रति वह सदैव कृतज्ञ रहेंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुमन सिंह, सुरेंद्र सिंह, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम उपाध्याय, उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव अमर बहादुर यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रविकांत त्रिपाठी, शहजादे सिंह, छोटू बाबू, पूर्व महासचिव आशुतोष रजत और रामप्यारे यादव सहित अन्य नेताओं ने अंगवस्त्र भेंटकर विश्व विजय सिंह को सम्मानित किया।

वहीं, आशुतोष द्विवेदी ने स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।