
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़ में अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश, दो घटनाओं में 1.23 लाख रुपये की थी ठगी; छह जिलों में दर्ज हैं 18 मुकदमे, नकदी और तमंचा बरामद आजमगढ़। बैंक में रुपये जमा करने या निकालने आने वाले लोगों की रेकी कर उन्हें कागज की गड्डी थमाकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का जीयनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार की सुबह महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गिरोह का सरगना अमित साहनी दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तीनों अभियुक्त देवरिया जिले के रुद्रपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी के 19,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आजमगढ़ समेत छह जिलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को धर्मराज चौहान रुपये जमा करने के लिए अजमतगढ़ स्थित बड़ौदा यूपी बैंक पहुंचे थे। बैंक में जमा पर्ची भरने में असमर्थ होने पर दो व्यक्तियों ने उनकी मदद करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्हें शंकर जी की मूर्ति के पास ले जाकर 74 हजार रुपये ले लिए और बदले में कागज की गड्डी थमा दी। इस मामले में जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।इसी तरह 29 अक्टूबर 2026 को आशीष कुमार की बुजुर्ग बुआ भारतीय बैंक, जीयनपुर से 49 हजार रुपये निकालकर जा रही थीं। रास्ते में तीन लोगों ने उन्हें बातचीत में उलझाकर उनका बैग बदल दिया और उसमें रखे रुपये लेकर फरार हो गए। इन दोनों घटनाओं में कुल 1 लाख 23 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जीयनपुर पुलिस बुधवार 25 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद एक अभियुक्त बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से निकल गई। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त अमित साहनी के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित साहनी, शिवा साहनी और सुनील साहनी निवासी मलाह टोली, वार्ड नंबर दो, नगर पंचायत रुद्रपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई।
ऐसे देते थे ठगी की वारदात को अंजाम पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्तों का संगठित गिरोह बैंकों में रुपये जमा करने और निकालने आने वाले लोगों को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य बैंक के अंदर और बाहर नकदी लेकर आने-जाने वाले लोगों की रेकी करते थे। इसके बाद मदद करने या अधिक रुपये देने का झांसा देकर उन्हें बातचीत में उलझाते और विश्वास में ले लेते थे। मौका मिलते ही उनके असली रुपये लेकर हाथ में कागज की गड्डी थमा देते थे और फरार हो जाते थे।
छह जिलों में दर्ज हैं 18 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आजमगढ़, देवरिया, बुलंदशहर, कुशीनगर, गोरखपुर और महराजगंज में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, धोखाधड़ी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
यह हुई बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से टप्पेबाजी से प्राप्त 19,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP53FB 6567), तीन मोबाइल फोन, एक अवैध देशी तमंचा, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में जीयनपुर थाने में मु0अ0सं0 490/2026 धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संजय सिंह, उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा, विनय कुमार यादव सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
