
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और अनुशासित बनाने के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पवई थाने पर तैनात उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के भी आदेश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा के विरुद्ध प्रथम दृष्टया कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता के आरोप पाए गए। आरोप है कि थाना पवई पर तैनाती के दौरान उनके पास लंबित कई अभियोगों की विवेचना थी, जिनमें एक गंभीर लूट का मुकदमा भी शामिल था, जिसे बाद में डकैती की धाराओं में परिवर्तित किया गया। इसके बावजूद उच्चाधिकारियों द्वारा कई बार निर्देश दिए जाने पर भी उन्होंने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया और विवेचना के निस्तारण में भी रुचि नहीं दिखाई।
विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में भ्रमण, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान उनका आम नागरिकों के प्रति व्यवहार अमर्यादित और दुर्व्यवहारपूर्ण पाया गया, जिससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हुई। इसे उनके पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया।
इन आरोपों को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी भी दी है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करें। कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
