रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के महावी खास गांव में शुक्रवार सुबह 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शिवांगी सिंह, पत्नी राहुल सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

मृतका के पिता विनोद कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:18 बजे उनके समधी वीरेंद्र सिंह ने फोन कर शिवांगी की मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ महावी खास गांव पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के शरीर पर चोट के निशान थे। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस और मायके पक्ष को सूचना देने से पहले ही शव को पंखे से नीचे उतारकर बरामदे में रख दिया गया था। आरोप है कि जिस कमरे में घटना हुई, उसे भी व्यवस्थित कर दिया गया। इन आरोपों के बाद मामला और संदिग्ध हो गया है।

करीब दो साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार शिवांगी की शादी करीब दो वर्ष पहले राहुल सिंह के साथ हुई थी। रक्षाबंधन के अवसर पर वह मायके से विदा होकर अपने ससुराल आई थी। शुक्रवार सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलने के बाद मायके में मातम छा गया।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पिता की शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इस दौरान सीओ सगड़ी देशराज सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ भी की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

सीओ सगड़ी देशराज सिंह ने बताया कि शव को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मृतका के पिता की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है।