रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार शाम पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स सड़क पर उतरी और रेलवे स्टेशन, रोडवेज, होटल, ढाबे, मॉल समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी ली गई। सार्वजनिक स्थानों पर अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से लोगों में कुछ देर के लिए हलचल मच गई।

शासन के निर्देश के बाद नगर क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस को अलर्ट किया गया। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय, महिला थाना प्रभारी और रोडवेज चौकी प्रभारी के नेतृत्व में रोडवेज परिसर में यात्रियों और उनके सामान की जांच की गई। बसों में सवार यात्रियों के सामान की तलाशी लेने के साथ ही रोडवेज के आसपास स्थित होटलों को भी चेक किया गया।

रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध सामान की जांच

सिधारी थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी तरुण कुमार शुक्ला और आरपीएफ थाना प्रभारी अभय राय के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की जांच की गई। संदिग्ध प्रतीत होने वाले बैगों को खुलवाकर देखा गया और यात्रियों से बातचीत कर उनकी जानकारी ली गई।

प्लेटफार्म नंबर एक पर अचानक पुलिस की चेकिंग शुरू होने से यात्रियों में हलचल देखने को मिली। पुलिस टीमों ने स्टेशन परिसर के कोने-कोने में जाकर तलाशी ली और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

होटल, ढाबों और मॉल में भी पहुंची पुलिस

सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन और रोडवेज के अलावा शहर के विभिन्न मॉल, होटल और ढाबों में भी पहुंचकर जांच की। पुलिस ने संचालकों और कर्मचारियों से जानकारी लेने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी।

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले में पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।