रिपोर्ट______SP त्रिपाठी

आजमगढ़ में जिले में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला। वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, लच्छीरामपुर की ओर से 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षक और संस्थान के स्टाफ ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

तिरंगा यात्रा को वेदांता हॉस्पिटल के डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति हमारी भावना, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। जिस तरह हम अपने घरों में दीपावली और दशहरा मनाते हैं, उसी तरह हर घर में तिरंगा फहराकर राष्ट्र और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए। वहीं, वेदांता ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋत्विक जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

तिरंगा यात्रा वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग, लच्छीरामपुर से शुरू होकर वेदांता हॉस्पिटल, लच्छीरामपुर से मुकेरीगंज, पहाड़पुर, तकिया चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जी मंडी, पांडेय बाजार और शिब्ली नेशनल कॉलेज होते हुए वापस वेदांता स्कूल परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा के दौरान 300 मीटर लंबे विशाल तिरंगे ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यह कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रीना पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। डॉ. रीना पांडेय के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऋत्विक जायसवाल ने लोगों से अपील की कि आने वाले 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्र के सम्मान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

वही नर्सिंग कि छात्राओं द्वारा नाटक नृत्य ने सबका मन मोह लिया 

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज के शिक्षकगण शशांक श्रीवास्तव, अविनाश सिंह, श्रुति कुशवाहा, हेमंत पांडेय, मनोज यादव, खुशबू मोदनवाल, आकांक्षा राव, सुधा मद्धेशिया, कृष्णकांत यादव, अश्विन यादव और विकास सिंह सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराता 300 मीटर लंबा तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने आजमगढ़ में स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रप्रेम का माहौल बना दिया। आजमगढ़ में वेदांता की यह तिरंगा यात्रा सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश देती नजर आई।