आज़मगढ़। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व से पहले आज़मगढ़ में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना और आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

खाद्य विभाग की टीम ने मुण्डा जाफरपुर के एक प्रतिष्ठित किराना स्टोर से साबूदाना और सेवई, घोरठ जाफरपुर से सेंघा नमक और किशमिस, मेंहनगर के एक प्रतिष्ठान से काजू और दूध के नमूने संदेह के आधार पर जांच हेतु लिए गए। मैनाजपुर जीयनपुर के ढाबे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे स्थित रेस्टोरेंट से पनीर, फैट स्प्रेड, सोयाबीन रिफाइंड तेल व मैदे के नमूने भी जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। कुल मिलाकर 10 नमूने संग्रहित किए गए।

साथ ही मेंहनगर व बिलरियागंज में स्ट्रीट फूड वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 एवं विनियम 2011 के तहत प्रशिक्षण दिया गया। इसमें खाद्य सामग्री की तैयारी, पैकेजिंग, स्टोरेज और व्यक्तिगत स्वच्छता पर जोर दिया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II ने चेतावनी दी कि खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और गुणवत्ता सुनिश्चित करनी होगी। पुराने या कालातीत फलाहार स्टॉक पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान आगामी त्योहारों तक लगातार जारी रहेगा और जन जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।