आजमगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान के तहत आजमगढ़–वाराणसी मार्ग और आजमगढ़–मऊ मार्ग पर सभी पेट्रोल पम्पों पर व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के दौरान कुल 12 पेट्रोल पम्पों पर चेकिंग की गई। पेट्रोल पम्प कर्मियों को निर्देशित किया गया कि बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों को ईंधन न दिया जाए। आमजन को भी यातायात नियमों के पालन और हेलमेट पहनने के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। इसके साथ ही पीछे बैठे सवारों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान यातायात पुलिस ने कुल 105 वाहन चालकों का चालान किया, जो बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे थे। संयुक्त टीम में ARTO अतुल कुमार यादव, PTO विक्रांत सिंह, प्रभारी यातायात उ0नि0 धनंजय शर्मा, उ0नि0 यातायात जयशंकर सिंह, गोविन्द प्रसाद, मु0आ0 चन्द्रशेखर राम, आशीष यादव, संजय मौर्य, आशुतोष यादव सहित अन्य कर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपने जीवन व दूसरों के जीवन को सुरक्षित बनाएं।
