आजमगढ़। कानून व्यवस्था के मामले में देश ही नहीं पूरी दुनिया में योगी जी का उदाहरण दिया जाता है। क्योंकि आठ साल के कार्यकाल में पूरे प्रदेश में कहीं कर्फ्यू नहीं लगा। जबकि अखिलेश के पांच साल के कार्यकाल में 17 कर्फ्यू लगे। इसमें कई कर्फ्यू तो 17-17 दिन तक चले। उक्त बातें शुक्रवार को जनपद पहुंचे प्रदेश सरकार के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने देर शाम एक होटल में मीडिया से वार्ता के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि संभल में इतनी बड़ी घटना हुई लेकिन तीन घंटे में ही उसे शांत कर दिया गया। एक समय था जब उप्र में उद्योगपति आना नहीं चाहते थे, आज उद्योग पति उप्र में उद्योग लगाने के लिए लाइन में खड़े हैं। महाकुंभ को लेकर उन्होंने कहा कि 10 हजार एकड़ में महाकुंभ का आयोजन हो रहा है। इसमें एक साथ 10 लाख लोग निवास कर सकते हैं। एक करोड़ लोग आसानी से एक साथ यहां स्नान कर सकेंगे। इस बार महाकुंभ में इतना हाइटेक प्रबंध किया गया है कि किसी को परेशानी न हो। 1000 से अधिक बसें लगाई और सैकड़ों ट्रेनें चलाई जा रही हैं। प्रयागराज एयरपोर्ट को भी कई जगहों से जोड़ा जा रहा है। यहां एक साथ कई हवाई जहाज के एक साथ उतरने की व्यवस्था की गई है। 150 से भी अधिक देशों के लोग धार्मिक आस्था और इसे देखने के लिए आएंगे। यहां प्रतिदिन कवि सम्मेलन होगा। जिसमें देश के जाने माने कवि शामिल होंगे। सैकड़ों कथाएं प्रतिदिन होंगी। जो सनातन धर्म को बढ़ावा देंगी।