रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के शेखपुरा गांव में 70 वर्षीय वृद्ध की निर्मम हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हत्या के आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस के अनुसार, 10/11 जून की रात शेखपुरा निवासी भुआल चौहान (70) अपने घर के बाहर पशुशाला के पास बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने जांच के दौरान आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू तक पहुंच बनाई। शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि आरोपी अवैध असलहे के साथ बंशी बाजार-उकरौड़ा मार्ग से एक्सप्रेस-वे की ओर जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगा। बाइक फिसलने के बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस से हुई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उसकी मां के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर वह भुआल चौहान से रंजिश रखता था। इसी दुश्मनी के चलते उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, तमंचा, कारतूस, खून से सना गमछा, टी-शर्ट और मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।