डिघिया नाला पर खतरा बिंदु से ऊपर पहुंचा जलस्तर
आजमगढ़। गिरजा, शारदा और सरयू बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। डिघिया नाला पर खतरा बिंदु से 35 सेंटीमीटर ऊपर जलस्तर दर्ज होने के बाद देवारा खास राजा के झगरहवा पुरवा सहित कई गांवों के मकान कटान के खतरे में हैं। अब तक करीब चार एकड़ खेती और आबादी की भूमि नदी की धारा में समा चुकी है।
प्रशासन संभावित बाढ़ को देखते हुए अलर्ट पर है। एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप सिंह ने महुला-गढ़वल बांध पर स्थापित 10 बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को सतर्क रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। बाढ़ की स्थिति में 14 निजी व परिषदीय विद्यालयों में आश्रय स्थल की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जा चुकी है।
सोमवार और रविवार को सरयू नदी के जलस्तर में मुख्य माप स्थल बदरहुआ नाला पर 24 सेंटीमीटर और न्यूनतम गेज डिघिया नाला पर 30 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। बदरहुआ नाला पर जलस्तर 71.45 मीटर और डिघिया नाला पर 70.81 मीटर तक पहुँच गया।
मंगलवार को तीनों बैराजों से कुल 3,45,692 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। गिरिजा बैराज से 1,64,038 क्यूसेक, शारदा बैराज से 1,68,408 क्यूसेक और सरयू बैराज से 13,246 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जलस्तर खतरा बिंदु से ऊपर होने के कारण सहबदिया, गांगेपुर, हाजीपुर, चक्की हाजीपुर, देवारा खास राजा, भदौरा, शाहडीह बूढ़नपट्टी, बांका और आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों में पानी फैलना शुरू हो गया है।
इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई किलोमीटर पैदल पानी में होकर गंतव्य तक जाना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा सतर्कता और बचाव उपाय जारी हैं।
