रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के थाना मुबारकपुर पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली कि अलीनगर चौराहे के पास आउल कैफे में बिना किसी विधिक लाइसेंस के अवैध हुक्काबार संचालित हो रहा है। बताया गया कि यहां कम उम्र के लड़कों को संचालक अजीजुर्रहमान द्वारा लाइसेंस होने का झांसा देकर बुलाया जाता है और उन्हें फ्लेवर्ड हुक्का पिलाकर नशे का आदि बनाया जा रहा है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कैफे के अंदर पुलिस ने देखा कि अलग-अलग मेजों पर 10 हुक्के लगे हुए थे जिनसे कुछ युवक फ्लेवर्ड तंबाकू पी रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद कई लोग भागने लगे, किंतु मौके से हुक्काबार संचालित करने वाले तीन लोग तथा हुक्का पीते हुए दो लोगों को पकड़ लिया गया।
तलाशी में कैफे से 10 हुक्का, 3 हुक्का राड, 7 हुक्का पाइप, 6 चीलम, 7 फुकनी, एक चिमटी, 24 डिब्बा फ्लेवर, विभिन्न कम्पनियों के 107 पैकेट फ्लेवर तथा 17 पैकेट सिगरेट बरामद हुए। पकड़े गए लोगों से जब हुक्काबार संचालन का लाइसेंस मांगा गया तो कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में संचालक अजीजुर्रहमान ने बताया कि वह अपने दोनों पुत्र आकिब रहमान व नवाजिस रहमान के साथ यह कैफे चलाता है तथा अबु तोराब व कमालुद्दीन उसके यहां हुक्का पीने आए थे। उसने स्वीकार किया कि एक हुक्का का रेट 150 रुपये लेता है और इससे प्राप्त धन से ही परिवार का पालन-पोषण करता है।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित फ्लेवरयुक्त तंबाकू रखने, अवैध रूप से हुक्काबार चलाने और विधि द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन न करने के कारण यह कार्रवाई की गई। कैफे में भारी संख्या में युवकों को बैठाना भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
अभियुक्तगण अजीजुर्रहमान, आकिब रहमान, नवाजिस रहमान, अबु तोराब और कमालुद्दीन को पुलिस हिरासत में लिया गया। उनके विरुद्ध थाना मुबारकपुर में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
