आज़मगढ़। जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर जनपद के सभी विकासखंडों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना और लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करना है।

इसी क्रम में विकासखंड पल्हनी के सभी ग्राम पंचायतों में सहायक विकास अधिकारी पंचायत उमाकांत पाठक के मार्गदर्शन में सफाई अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायत चकगोरया में सफाई कर्मचारियों ने ग्राम प्रधान की देखरेख में विद्यालय परिसर, पंचायत भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मोहल्लों की सड़कों के दोनों किनारों की सफाई की।

सफाई अभियान के दौरान ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने हाट-बाजार व मुख्य मार्गों पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि इन दिनों बारिश के मौसम में बीमारियों का प्रकोप बढ़ जाता है, ऐसे में साफ-सफाई रखना बहुत जरूरी है। गंदगी से मच्छर और संक्रमण फैलता है, जिससे डेंगू, मलेरिया, उल्टी-दस्त जैसी बीमारियां हो सकती हैं।

इस अवसर पर गुलाब चौरसिया, अभय चौहान समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे और सफाई कार्य में सहयोग दिया। लोगों ने भी सफाई अभियान की सराहना करते हुए नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया।

यह स्वच्छता अभियान न केवल सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि ग्रामीणों को भी स्वच्छ और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित कर रहा है।