
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। शहर के जुनैदगंज स्थित आसिया हॉस्पिटल से अचानक लापता हुई एक बच्ची को कोतवाली पुलिस और पीआरवी की तत्परता से कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बच्ची को परिजनों से मिलाकर उन्हें राहत पहुंचाई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 3 नवंबर को पीआरवी 5386 को सूचना मिली कि एक बच्ची अपने परिजनों के साथ आसिया हॉस्पिटल में एंडोस्कोपी कराने आई थी। इसी दौरान असहज महसूस होने पर वह बाथरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बलरामपुर पुलिस बल के साथ सक्रिय हो गए और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को हाफिजपुर स्थित विज्डम इंटरनेशनल स्कूल के पास से सकुशल बरामद कर लिया।आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
