
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों के विपरीत तेज आवाज में डीजे बजाने और डीजे प्रतियोगिता आयोजित करने के मामले में पुलिस ने आयोजकों एवं डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से दो पिकअप वाहनों को सीज करने के साथ ही बड़ी संख्या में डीजे उपकरण भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को ग्राम रघुनाथपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्षों, सदस्यों और डीजे संचालकों द्वारा पिकअप वाहनों पर निर्धारित मानकों से अधिक क्षमता वाले डीजे साउंड सिस्टम लगाकर तेज आवाज में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही थी। देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे बजने से आम लोगों, बच्चों, बीमार और बुजुर्गों को परेशानी हो रही थी।
आरोप है कि पुलिस द्वारा डीजे की आवाज कम करने की हिदायत देने के बावजूद संचालकों ने आवाज कम नहीं की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया, जबकि अन्य वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। वहीं इस मामले में 3 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य की तहरीर पर थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 278/2026 के तहत धारा 289, 292, 293 बीएनएस, ध्वनि प्रदूषण (नियमन एवं नियंत्रण) नियमावली-2000 की धारा 4/6 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम-1986 की धारा 15(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है।
32 बड़े साउंड बॉक्स समेत भारी उपकरण जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 03 एम्पलीफायर, 32 बड़े साउंड बॉक्स, 14 स्पीकर, 03 माइक, 17 मशीन, 14 लेजर लाइट, 02 मिक्सर, 01 इक्वालाइजर, 03 एसआरपी लाइट, 03 स्टेबलाइजर, 09 बोर्ड, 01 तख्त, 02 मेज और 03 स्टैंड फैन सहित डीजे के अन्य उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा पिकअप वाहन संख्या UP50 FT 2193 और UP50 T 0622 को सीज किया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में ध्वनि प्रदूषण और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निजामाबाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। वहीं कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य, कमला प्रसाद, विनोद कुमार यादव, वंशराज दूबे, परमानन्द सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शर्मा, कांस्टेबल सुजित कुमार मौर्य और कृष्ण चन्द्र शामिल रहे।
