
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए एक युवक का थाने के अंदर कथित रूप से जहरीला पदार्थ पीने का दावा करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिवली गांव निवासी युवक ने थाने परिसर में वीडियो बनाकर फेसबुक पर पोस्ट किया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। हालांकि, पुलिस उसे तत्काल अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकीय जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं हुई।
वायरल वीडियो के अनुसार, जिवली गांव निवासी वतन राय का अपने ही परिवार के लोगों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। युवक का आरोप है कि परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे परिवार सहित घर से बाहर निकाल दिया। इस संबंध में उसने 10 अक्टूबर को बरदह थाने में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई।
इसी से क्षुब्ध होकर शुक्रवार दोपहर वतन राय कथित रूप से दो गिलास कोई पदार्थ पीने के बाद थाने पहुंचा और वहां वीडियो बनाकर फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। वायरल वीडियो में वह कहता दिखाई दे रहा है कि यदि उसकी मृत्यु होती है तो इसके लिए थाना प्रभारी, सीओ लालगंज और एसपी आजमगढ़ जिम्मेदार होंगे। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि न्यूज 8 PM नहीं करता है। वहीं इस संबंध में बरदह थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मां-बेटे के बीच बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में मां की ओर से भी पहले तहरीर दी गई थी। शुक्रवार को वतन राय थाने पहुंचा और जहरीला पदार्थ खाने की बात कही। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय जांच में किसी प्रकार के जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद उसके परिजन थाने पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए।
