रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले अहरौला थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी एवं अहरौला कंपोजिट स्कूल में प्रभारी प्रधानाध्यापक पद पर तैनात शिक्षक अशोक यादव को अंबेडकर नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना से शिक्षा विभाग में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को अंबेडकर नगर जनपद की एसओजी टीम ने गांजा तस्करी की सूचना पर एक स्विफ्ट कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से 80 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से अहरौला थाना क्षेत्र के अरहरिया गांव निवासी रामप्रवेश और गौरी गांव निवासी रणविजय राजभर को गिरफ्तार किया गया। जब इनसे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि बरामद गांजा अशोक यादव को पहुंचाया जाना था, जो सावन माह में शिवभक्तों के बीच खपाने की योजना बना रहे थे।

इस जानकारी के बाद पुलिस ने शिक्षक अशोक यादव को अंबेडकर नगर जनपद के सिकंदरपुर से गिरफ्तार कर लिया और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। मामले के प्रकाश में आने के बाद अहरौला क्षेत्र और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अशोक यादव और उनकी पत्नी दोनों ही सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

इस मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अशोक यादव अहरौला कंपोजिट विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं। अंबेडकर नगर पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर की प्रति प्राप्त होने के बाद शिक्षक के विरुद्ध आख्या बनाकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को भेजी गई है। नियमानुसार उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।