रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में  दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। एक ओर जहां सिधारी ओवरब्रिज के पास बाइक सवार युवक की जान चली गई और उसकी पत्नी व पुत्र घायल हो गए, वहीं दीदारगंज थाना क्षेत्र में नहर पुलिया पर बाइक की टक्कर में एक और युवक की जान चली गई और तीन लोग घायल हो गए। दोनों हादसों से संबंधित परिवारों में मातम छा गया है। पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पहला हादसा शहर के सिधारी ओवरब्रिज के नीचे रविवार की सुबह हुआ। जौनपुर जनपद के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के भुलई गांव निवासी 30 वर्षीय अर्जुन अपनी पत्नी 27 वर्षीया ललिता देवी और दो वर्षीय बेटे आदर्श को लेकर अपने ससुराल जहानागंज थाना क्षेत्र के कोल्हूखोर गांव से वापस घर जा रहा था। जैसे ही वह रेलवे ओवरब्रिज से नीचे उतरा, एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

इस दर्दनाक टक्कर में अर्जुन, ललिता और उनका बेटा आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। जबकि ललिता और आदर्श का इलाज जारी है। अर्जुन की मौत की खबर सुनते ही उनके घर में कोहराम मच गया। ससुराल पक्ष और गांव में शोक की लहर फैल गई। अर्जुन का परिवार गहरे सदमे में है।

इसी दिन दूसरा हादसा दोपहर को दीदारगंज थाना क्षेत्र के इरना गोकुल गांव स्थित नहर पुलिया के पास हुआ। शटरिंग का काम करने वाला 32 वर्षीय मनीष राजभर अपने गांव सिसवारा से अपने दो साथी रविंद्र राजभर (30) और मनोज राजभर (31) के साथ बाइक से मार्टीनगंज बाजार जा रहा था। जैसे ही वह नहर पुलिया के पास पहुंचा, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने खड़ी दूसरी बाइक से टकरा गई, जिस पर 52 वर्षीय सूबेदार राजभर बैठे थे।

टक्कर के बाद मनीष की बाइक पुलिया से जा टकराई और पलट गई, जिससे दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग घायल हो गए। सभी को तत्काल एंबुलेंस से मार्टीनगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां मनीष राजभर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मनीष के दोनों साथियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सूबेदार राजभर को बेहतर इलाज के लिए जौनपुर रेफर कर दिया गया।

सूबेदार राजभर सरायमीर थाना क्षेत्र के पारा गांव के निवासी हैं। वहीं मनीष राजभर अपने पीछे पत्नी मीर, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया। उसके असमय निधन की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और मां अमृता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।