रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव निवासी 40 वर्षीय चंद्रिका यादव उर्फ राजेश यादव का शव शनिवार सुबह सऊदी अरब से उनके पैतृक घर पहुंचा। शव देखते ही पत्नी, मां और बच्चों समेत परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार सिंघड़ा गांव निवासी चंद्रिका यादव उर्फ राजेश यादव पुत्र विजई यादव सऊदी अरब के रियाद में रहकर क्रेन चालक के रूप में काम करते थे। परिजनों के मुताबिक 12 सितंबर की शाम वह रोज की तरह ड्यूटी पूरी कर अपने कमरे पर लौटे थे। खाना खाने के बाद वह सोने चले गए। इसी दौरान सोते समय अचानक उनकी मौत हो गई।

विदेश में हुई मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने शव को भारत लाने के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू की। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को हवाई मार्ग से दिल्ली लाया गया। इसके बाद वाहन से शनिवार सुबह शव को सिंघड़ा स्थित पैतृक आवास पहुंचाया गया।

शव घर पहुंचते ही पत्नी रेनू यादव, मां लालती यादव और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी और मां शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगीं। बच्चों के विलाप से वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

बताया गया कि चंद्रिका यादव दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में दो पुत्र सक्षम और किशन तथा दो पुत्रियां सेजल और साक्षी हैं। चारों बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है। परिवार के भरण-पोषण के लिए चंद्रिका यादव विदेश में रहकर मेहनत कर रहे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

चंद्रिका यादव के निधन की खबर से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके पैतृक आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।