आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के टोडरपुर ग्रामसभा के समीप मंगई नदी पुल से गुरुवार को एक विवाहिता प्रीति देवी नदी में कूद गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला। मामला चार थानों जहानागंज, मेंहनगर, तरवां और मऊ चिरैयाकोट की सीमा से जुड़ा होने के कारण पुलिस की कार्रवाई को लेकर असमंजस की स्थिति रही।
मृतका की पहचान नेतपुर सोनईचा, थाना जहानागंज निवासी प्रीति देवी पत्नी सूरज राम के रूप में हुई। मायका पकड़ी ग्रामसभा (थाना तरवा) की रहने वाली प्रीति की मां रेनु देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष प्रताड़ित करता था। पति के दूसरे संबंधों को लेकर विवाद बढ़ा और प्रीति ने पहले भी जहानागंज थाने में शिकायत दी थी, जिसमें सुलह समझौता हुआ था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोपहर 12.30 बजे मंगई नदी पुल पर बड़े गिट्टक लगाकर और सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिए। पुलिस की निष्क्रियता पर आक्रोश जताते हुए उन्होंने गोताखोर बुलाने की मांग की।
मौके पर तरवां थानाध्यक्ष चंद्रदीप, बोंगरिया चौकी प्रभारी जयप्रकाश, रासेपुर चौकी प्रभारी अरविंद सिंह, सिंहपुर चौकी प्रभारी पवन कुमार सिंह समेत कई अधिकारी पहुंचे और समझा-बुझाकर लगभग 3 बजे जाम समाप्त कराया। शाम 5 बजे 20वीं वाहिनी बाढ़ राहत दल मौके पर पहुंचा और तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक महिला का कुछ पता नहीं चला। लड़की के बाबा सुखदेव राम ने भी उपजिलाधिकारी मेंहनगर और नायब तहसीलदार को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।