आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के नेता और विधान परिषद् सदस्य, पूर्व विधायक मुबारकपुर शाह आलम गुड्डू जमाली ने आजमगढ़ में अपने एमएलसी विकास निधि और पूर्वांचल विकास निधि से लगभग 78.66 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस राशि से अजमतगढ़, बिलरियांगंज और हरैया ब्लॉक में सात प्रमुख निर्माण कार्य पूरे किए गए।

इनमें सीसी रोड निर्माण, इंटरलॉकिंग, नाला निर्माण, पटिया युक्त नाली और कब्रिस्तान की बाउंड्री शामिल हैं। लोकार्पण के दौरान क्षेत्रीय जनता ने एमएलसी जमाली को उनके निरंतर प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।

सगड़ी बाजार के कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए उन्होंने 10 लाख रुपए, बखालिस बाजार में नाला निर्माण के लिए 7.81 लाख रुपए, सोनबुजुर्ग गांव में सीसी रोड के लिए 10 लाख रुपए और चांदपट्टी में पटिया युक्त नाली के लिए 10 लाख रुपए खर्च किए। करमैनी गांव में सीसी रोड निर्माण का कार्य 9.95 लाख रुपए की लागत से सम्पन्न हुआ।

पूर्वांचल विकास निधि के माध्यम से गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के बिलरियागंज ब्लॉक में रसूलपुर, जगमलपुर और जोल्हापुर गांवों में इंटरलॉकिंग कार्य क्रमशः 11.69 लाख, 9.86 लाख और 9.35 लाख रुपए की लागत से पूरे किए गए। इन विकास कार्यों से जनता को क्षेत्रीय विकास का भरोसा मिला।

लोकार्पण के दौरान एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली ने कहा कि आजमगढ़ मेरा घर है और यहां की जनता मेरी असली पूंजी है। मैं अपने क्षेत्रीय जनता को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए ही राजनीति में आया हूं। मेरे घर के दरवाजे जनता के लिए 24 घंटे खुले हैं और उनके सुख-दुख को मैं अपना मानता हूं।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय विकास कार्यों के लिए जनता की जरूरत बताने पर वह अपने निधि या आवश्यक होने पर वेतन से भी काम पूरा करेंगे। इसके अलावा, हर समस्या और विकास कार्यों को सदन के माध्यम से सरकार के संज्ञान में लाकर पूरा कराने का प्रयास करेंगे।लोकार्पण समारोह में अन्य वरिष्ठ नेता और स्थानीय जनता भी मौजूद रहे।